जहानाबाद, बिहार |रिपोर्ट : राजीव कुमार| 06 अक्टूबर 2025
माननीय मुख्यमंत्री, बिहार, श्री नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा आज मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अंतर्गत राज्य की 21 लाख महिला लाभुकों को रुपये 10,000/- प्रति लाभुक की दर से कुल 2100 करोड़ रुपए की राशि का ऑनलाइन अंतरण किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर का सीधा प्रसारण समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स सभागार भवन, जहानाबाद में किया गया।
इस योजना का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार आरंभ करने हेतु आर्थिक सहायता प्रदान कर स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करना है। राज्य सरकार की इस अभूतपूर्व पहल से समाज के हर वर्ग और समुदाय की महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। योजना के तहत महिलाओं को अपनी पसंद के रोजगार की शुरुआत करने हेतु प्रारंभिक सहायता राशि 10 हजार रुपये प्रदान की जा रही है।
सरकार द्वारा भविष्य में रोजगार की प्रगति और क्षमता का आकलन कर दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता देने का भी प्रावधान किया गया है। साथ ही, उद्यमिता एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था भी की गई है ताकि महिलाएं अपने व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित कर सकें।
इस योजना के क्रियान्वयन में जीविका संगठनात्मक ढांचा एक सशक्त भूमिका निभा रहा है। राज्य में वर्तमान में कार्यरत 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 1 करोड़ 40 लाख जीविका दीदियाँ इस अभियान की मुख्य शक्ति हैं। समूह से वंचित परिवारों को भी स्वयं सहायता समूहों में जोड़ने का कार्य तेज़ी से जारी है।
जहानाबाद जिले में अब तक 1 लाख 43 हजार से अधिक परिवारों को इस योजना का लाभ प्रदान किया जा चुका है, जिसके अंतर्गत प्रति लाभुक 10,000/- रुपये की दर से कुल 143 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया गया है। आने वाले चरण में शेष परिवारों को भी इस योजना से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पांडे ने सभी लाभुक महिलाओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आत्मनिर्भरता की राह पर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, डॉ. प्रीति, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक तथा अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एक सौ से अधिक जीविका दीदियों ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।
इसके अलावा, इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय सहित सभी 07 प्रखंड मुख्यालयों, 19 संकुल संघों, तथा 960 से अधिक ग्राम संगठनों में किया गया। वेबकास्ट के माध्यम से इस कार्यक्रम को 1 लाख 50 हजार से अधिक जीविका दीदियों ने देखा और सुना।

0 Comments