जहानाबाद, बिहार |रिपोर्ट : राजीव कुमार| 28 अक्टूबर 2025

Jehanabad Dastak News, छठ पर्व के दूसरे अर्घ्य के दौरान नदी में डूबने से 14 वर्षीय बालक शिवम् कुमार की मौत

नालंदा जिला के हिलसा थाना क्षेत्र अन्तर्गत सिपाड़ा गांव में मंगलवार, दिनांक 28 अक्टूबर 2025 को अहले सुबह छठ पर्व के पवित्र अवसर पर एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ। भगवान भास्कर को दूसरा अर्घ्य देने के दौरान नदी में डूबने से 14 वर्षीय शिवम् कुमार की मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक शिवम् कुमार अपनी मां के साथ अपने ननिहाल सिपाड़ा गांव में कार्तिक छठ पर्व करने गया हुआ था।

छठ पर्व के दूसरे दिन, मंगलवार की अहले सुबह जब सिपाड़ा नदी घाट पर अर्घ्य देने की तैयारी चल रही थी, तभी एक परिवार का बच्चा नदी में डूबने लगा। उसी समय शिवम् कुमार ने साहस दिखाते हुए उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन दुर्भाग्यवश वह स्वयं गहरे पानी में फंस गया और उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस हादसे में कुल चार बच्चे (दो लड़के और दो लड़कियाँ) नदी में डूब गए थे। स्थानीय लोगों के सहयोग से तीन बच्चों के शव को नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक बच्चे का शव दोपहर 3 बजे तक नहीं मिल पाया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेजा गया है।

मृतक शिवम् कुमार के पिता संमकेश प्रसाद, ग्राम बौरी, पंचायत बौरी, थाना हुलासगंज, जिला जहानाबाद के निवासी हैं। बताया जाता है कि शिवम् अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर पहाड़ जैसा दुःख टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध और व्यथित है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि शिवम् बहुत ही शांत, सुशील और होनहार लड़का था। वह पढ़ाई में भी काफी अच्छा था और परिवार के लिए उम्मीद की किरण था। छठ पर्व के मौके पर ऐसी त्रासदीपूर्ण घटना ने पूरे गांव को शोकग्रस्त कर दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन व पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन बना हुआ है।

इस हादसे से न केवल मृतक का परिवार बल्कि पूरा बौरी गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम का माहौल है। लोग भगवान से मृतक की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना कर रहे हैं।

हम भी समाचार पथ नेटवर्क की ओर से मृतक शिवम् कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे तथा परिवार को इस गहन दुख की घड़ी में धैर्य व साहस प्रदान करे।